Pages

Monday 18 June 2018

खेल-खेल में- बरसुड़ी, उत्तराखंड - Khel-Khel me -Barsudi, Uttarakhand

दिनाँक- 13 अगस्त 2017,  दिन- रविवार

इस यात्रा को आरम्भ से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे....  

अगली सुबह 6 बजे उठ कमरे से बाहर गया। मौसम भी खुशनुमा था और मन भी। सचिन जी भी उठ गए। जल्दी से तैयार हो, हम सब पंचायत भवन पहुंच गए। आज एजुकेशन कैम्प है, जिसका आयोजन गांव के स्कूल में होना है। जो यहाँ से 2 किलोमीटर नीचे है। सभी को वही जाना है। पंचायत भवन से कुछ सामान लेकर हम भी चल दिए। निरंतर ढलान उतरते रहे और फोटो लेते हुए चलते रहे। बीच में एक छोटे से झरने के दर्शन हुए, जहाँ लोहे का छोटा सा पुल बना हुआ है। झरने से बहुत कम पानी गिर रहा था। अभी कुछ समय बाद बरसात शुरू हो जानी है। तब इसका यौवन भी पुनः लौट आएगा। यहाँ से कुछ आगे जाने पर बरसुडी गांव का प्राइमरी स्कूल आता है। जिनके प्रधानाचार्य जी के घर पर मैं, सचिन भाई और मुस्तफा भाई, हम तीनो ठहरे हुए है। आज यहाँ जरा सी भी हलचल नहीं थी। कारण था कि आज इस स्कूल के भी सभी विद्यार्थी नीचे वाले बड़े स्कूल में ही जा रहे है। आज सभी को वही एकत्रित होना है। हमारी मंजिल भी वही है फ़िलहाल।